भारत और इंग्लैंड के बीच धर्मशाला में खेले जा रहे पांचवे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार शतक जड़ा है। यह रोहित के टेस्ट करियर का 12वां शतक है। इसी के साथ भारतीय कप्तान ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। हिटमैन ने इस मैच में 103 रन बनाए हैं। बतौर कप्तान रोहित का यह 11वां शतक है।
रोहित ने की धोनी-गावस्कर की बराबरी
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर की बराबरी कर ली है। महेंद्र सिंह धोनी ने भारत की 332 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी की है और इस दौरान उन्होंने 11 शतक जड़े थे। वहीं गावस्कर ने 84 मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए 11 शतक लगाए हैं।भारत के लिए कप्तान के रूप में सर्वाधिक शतक:-
41- विराट कोहली (213 मैच)
16- सौरव गांगुली (195 मैच)
13- मोहम्मद अजहरुद्दीन (221 मैच)
13- सचिन तेंदुलकर (98 मैच)
11- सुनील गावस्कर (84 मैच)
11- रोहित शर्मा (115 मैच)
11- महेंद्र सिंह धोनी (332 मैच)
भारत के लिए सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय शतक:-
100 - सचिन तेंदुलकर
80 - विराट कोहली
48 - रोहित शर्मा
48 - राहुल द्रविड़
38 - वीरेंद्र सहवाग
38 - सौरव गांगुली
Comments (0)