केरल - केरल क्रिकेट एसोसिएशन (Kerala Cricket Association) ने भारत के पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत पर लगाए गए तीन साल के प्रतिबंध को हटाने का फैसला किया है। यह निर्णय लंबे समय से चले आ रहे विवाद के बाद सामने आया है, जिससे श्रीसंत के क्रिकेट प्रशासनिक और लीग स्तर पर जुड़ने का रास्ता फिर से खुल गया है।
सोशल मीडिया टिप्पणियों से शुरू हुआ विवाद
आपको बता दें कि, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज श्रीसंत पर यह प्रतिबंध उनकी सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर की गई कुछ टिप्पणियों के बाद लगाया गया था। KCA का कहना था कि इन टिप्पणियों से संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा है। इसी आधार पर एसोसिएशन ने उन्हें अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत तीन साल के लिए निलंबित कर दिया था।
कोर्ट में चुनौती, लेकिन राहत नहीं मिली
इस प्रतिबंध को लेकर पूर्व खिलाड़ी श्रीसंत ने तिरुवनंतपुरम की मुंसिफ़ कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने उनकी याचिका को खारिज कर दिया। इसके बाद मामला और आगे बढ़ा और स्थिति लंबे समय तक अनिश्चित बनी रही। सूत्रों के अनुसार, बाद में एस. श्रीसंत ने KCA के खिलाफ अपने बयानों को लेकर बिना शर्त माफी मांगी। उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपने बयान पर अफसोस जताया, जिसके बाद हालात में सुधार देखने को मिला और एसोसिएशन ने बैन हटाने का फैसला लिया।
केरल क्रिकेट लीग में वापसी का रास्ता साफ
बैन हटने के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज श्रीसंत के लिए केरल क्रिकेट लीग (KCL) में सक्रिय भूमिका निभाने का रास्ता साफ हो गया है। वह सीज़न 3 में “एरीज कोल्लम सेलर्स” फ्रेंचाइज़ी के सह-मालिक के रूप में अपनी भूमिका जारी रख सकेंगे।
क्रिकेट जगत में मिली-जुली प्रतिक्रिया
इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां कुछ लोग इसे सकारात्मक कदम मान रहे हैं, वहीं कुछ इसे अनुशासन और सार्वजनिक व्यवहार से जुड़ा मुद्दा भी बता रहे हैं। हालांकि, अब बैन हटने के बाद श्रीसंत के लिए घरेलू क्रिकेट से जुड़े नए अवसरों के दरवाजे खुल गए हैं।