उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देवखरी गांव के पास तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब 17 यात्री घायल हो गए।
चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हरियाणा से बिहार जा रही स्लीपर बस में करीब 85 यात्री सवार थे। बस जब आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देवखरी गांव के पास पहुंची, तभी चालक को कथित तौर पर झपकी आ गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए लखनऊ से आगरा जाने वाली लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही कार से टकरा गई।
कार सवार पांच लोगों की मौत
भीषण टक्कर में अर्टिगा कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार में सवार 5 वर्षीय बच्ची और 13 वर्षीय किशोरी समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा ।
बस के 17 यात्री घायल
हादसे में बस में सवार करीब 17 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे की जांच शुरू
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को हटाकर यातायात सुचारु कराया। वहीं, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है, जबकि कुछ यात्रियों ने चालक के नशे में होने का भी दावा किया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।