लखनऊ - उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया है। वाराणसी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि संसद के आगामी मानसून सत्र में समाजवादी पार्टी के कई सांसद एनडीए का दामन थाम सकते हैं।
'कई सांसद हमारे संपर्क में हैं'
ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के कई सांसद उनके संपर्क में हैं और उनकी एनडीए में शामिल होने की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस राजनीतिक बदलाव की शुरुआत बलिया से होगी। राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में इसका असर साफ दिखाई देगा। उनके मुताबिक, मानसून सत्र के दौरान कई सांसद एनडीए में शामिल होकर सपा को बड़ा झटका दे सकते हैं।
महत्वपूर्ण विधेयकों का भी किया जिक्र
कैबिनेट मंत्री ने यह भी दावा किया कि आगामी मानसून सत्र में सरकार परिसीमन (Delimitation) और महिला आरक्षण संशोधन विधेयक से जुड़े महत्वपूर्ण बिल को संसद से पारित कराने की दिशा में कदम बढ़ा सकती है। राजभर के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, समाजवादी पार्टी की ओर से उनके दावों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की नजर आगामी मानसून सत्र और संभावित राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हुई है।