चंपावत : मानसूनी सीजन में संभावित आपदाओं को देखते हुए चंपावत जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी संबंधित विभागों को आपदा की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
लोहाघाट क्षेत्र में भी प्रशासन अलर्ट
एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर लोहाघाट क्षेत्र में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन को लेकर सतर्क रहने के लिए निर्देशित किया गया है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में नदी-नाले और गधेरे उफान पर हैं ऐसे में प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
एसडीएम ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, गधेरों और अन्य जलस्रोतों के किनारे जाने से बचें। साथ ही मवेशियों को भी नदी और गधेरों के आसपास न छोड़ें ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
सड़क बंद होने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
मानसून के दौरान भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें बंद होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य मार्गों पर जगह-जगह मशीनें तैनात की हैं। एसडीएम ने बताया कि सड़क बंद होने की स्थिति में संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर सड़क खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का प्रयास है कि बारिश या भूस्खलन के कारण बंद होने वाली सड़कों को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल किया जा सके ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
राहत और बचाव टीमें तैयार
एसडीएम नीतू डांगर ने बताया कि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए टीमें तैयार रखी गई हैं। प्रशासन ने संभावित आपदा प्रभावित क्षेत्रों पर भी नजर बनाए रखी है।
आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ ही नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा देने की व्यवस्था भी की गई है। इसके लिए सभी राजस्व उपनिरीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। राजस्व विभाग को आपदा से होने वाले नुकसान की तत्काल जानकारी जुटाने और प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
एसडीएम ने कहा कि मानसून के दौरान प्रशासन की ओर से राहत और बचाव की पूरी तैयारी की गई है। सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल उसे खोलने की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही प्रशासन लगातार मौसम और आपदा से जुड़ी परिस्थितियों पर नजर रख रहा है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि मानसूनी सीजन में विशेष सावधानी बरतें और नदी-गधेरों भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर जाने से बचें। किसी भी प्रकार की आपदा दुर्घटना या अप्रिय घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।