स्पेन: मध्य स्पेन के टोलेडो प्रांत में दो तेज रफ्तार ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर की खबर है। हादसे में करीब 64 लोगों की मौत और 179 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद मैड्रिड, स्यूदाद रियल और अंडालूसिया के बीच रेल सेवाएं रोक दी गई हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। घटना के बाद स्पेन के हाईस्पीड रेल नेटवर्क की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
500 से ज्यादा यात्री थे ट्रेनों में सवार
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में शामिल रेनफे ट्रेन में 397 यात्री और इर्यो ट्रेन में 147 यात्री सवार थे। इस तरह दोनों ट्रेनों में कुल 544 यात्री यात्रा कर रहे थे। एक तेज रफ्तार ट्रेन दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कम से कम दो डिब्बे पटरी से उतर गए। कुछ डिब्बे पटरी के किनारे ढलान पर जा गिरे।
मैड्रिड समेत कई क्षेत्रों में रेल सेवाएं प्रभावित
हादसे के बाद मैड्रिड, स्यूदाद रियल और अंडालूसिया के बीच रेल सेवाएं रोक दी गई हैं। अधिकारियों की ओर से दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ट्रेनों की टक्कर किस वजह से हुई। राहत और बचाव दल प्रभावित यात्रियों की मदद में जुटे हैं। स्थानीय प्रशासन घायलों के उपचार और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर काम कर रहा है।
स्पेन के प्रधानमंत्री ने जताया दुख
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि वह परिवहन मंत्री और कैस्टिला ला मांचा के अध्यक्ष के लगातार संपर्क में हैं।प्रधानमंत्री ने बताया कि आपातकालीन सेवाएं प्रभावित लोगों की मदद करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जमीन पर काम कर रही हैं। संबंधित प्रशासन के साथ समन्वय कर राहत कार्य किए जा रहे हैं।उन्होंने हादसे में प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
स्पेन में हुए इस भीषण रेल हादसे पर इटली की सरकार ने भी दुख जताया है। इटली सरकार ने अपने बयान में कहा कि इस कठिन समय में वह स्पेन और वहां के लोगों के साथ खड़ी है।
हाईस्पीड रेल नेटवर्क की सुरक्षा पर उठे सवाल
टोलेडो में हुई इस दुर्घटना के बाद स्पेन के हाईस्पीड रेल नेटवर्क की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। लगातार रेल दुर्घटनाओं की खबरों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम और रेल परिचालन की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए।हालांकि, टोलेडो हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।