चित्रकूट: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट पहुंचे। यहां पांच दिवसीय दीपोत्सव मेले में शामिल होकर उन्होंने मंदाकिनी नदी के पंचवटी घाट पर दीपदान किया और मां मंदाकिनी की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम से गुप्त गोदावरी तक बनने वाली फोरलेन सड़क का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने घोषणा की कि उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर चित्रकूट में भव्य वनवासी राम लोक और ओरछा में रामराजा लोक का निर्माण कराया जाएगा।
चित्रकूट में बनेगा भव्य वनवासी राम लोक: CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों का विकास केवल पर्यटन की दृष्टि से नहीं, बल्कि तीर्थाटन की भावना से कर रही है।उन्होंने बताया कि उज्जैन में महाकाल लोक की तर्ज पर ओरछा में रामराजा लोक और चित्रकूट में भव्य वनवासी राम लोक बनाया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट भगवान श्रीराम की तपोभूमि है। भगवान राम ने अपने वनवास के 11 साल से अधिक समय यहां बिताया था। ऐसे पवित्र धार्मिक स्थल का विकास श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।
चित्रकूट धाम से गुप्त गोदावरी तक बनेगी फोरलेन सड़क
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम से गुप्त गोदावरी तक बनने वाली फोरलेन सड़क का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।इस सड़क के निर्माण से चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान बनाने के साथ क्षेत्र में तीर्थाटन को बढ़ावा देने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
चित्रकूट पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने मंदाकिनी नदी के पंचवटी घाट पर दीपदान किया। उन्होंने मां मंदाकिनी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
कामतानाथ मंदिर में किए दर्शन, बच्चों से खरीदे दीपक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान कामतानाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्राचीन मुखारबिंद के दर्शन किए और श्रद्धालुओं को दीपावली की मिठाई बांटकर त्योहार की शुभकामनाएं दीं।इस दौरान मुख्यमंत्री का सहज अंदाज भी देखने को मिला। वे सड़क किनारे लगी चाय की दुकान पर पहुंचे और कुल्हड़ में चाय पी। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत की और दीपदान के लिए दीपक बेच रहे बच्चों से मुलाकात की।मुख्यमंत्री ने बच्चों से दीपक भी खरीदे और उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।
स्वास्थ्य शिविर का किया निरीक्षण, डॉक्टरों के साथ ली सेल्फी
मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव मेले में श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों से उपलब्ध सुविधाओं और श्रद्धालुओं को दी जा रही उपचार सहायता की जानकारी ली।इस दौरान स्वास्थ्यकर्मी मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर उत्साहित नजर आए। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों के साथ सेल्फी भी ली।इसके बाद उन्होंने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए पीपा पुल का भी निरीक्षण किया।