जबलपुर: धनतेरस की रात जबलपुर में एक बड़ा हादसा हो गया। गोहलपुर थाना क्षेत्र के लेमा गार्डन के पास स्थित गाजी नगर झुग्गी बस्ती में रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक करीब 50 झोपड़ियां इसकी चपेट में आकर जलकर खाक हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए 13 दमकल वाहन लगाए गए, जो रातभर मशक्कत करते रहे। सुबह तक आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
रात 2 बजे लगी आग, देखते ही देखते 50 झोपड़ियां खाक
जानकारी के मुताबिक, गाजी नगर मैदान की झुग्गी बस्ती में करीब 350 झोपड़ियां बनी हुई हैं। धनतेरस की रात करीब 2 बजे अचानक एक झोपड़ी में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की झोपड़ियां भी इसकी चपेट में आती चली गईं।कुछ ही देर में आग ने बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर बाहर निकलने लगे।
13 दमकल वाहनों ने रातभर की मशक्कत
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कुल 13 दमकल वाहनों को आग बुझाने के काम में लगाया गया।आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दमकल वाहनों और पानी के टैंकरों का पानी खत्म होने पर उन्हें दोबारा भरकर मौके पर भेजा जाता रहा। पुलिस, नगर निगम और एमपीबी की टीमों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। एहतियात के तौर पर बिजली कंपनी ने इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी थी।फायर ब्रिगेड कर्मचारी के मुताबिक, टीम ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था। बाकी हिस्सों में भी आग बुझाने का काम जारी रहा। सुबह तक आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
आग में अपनी झोपड़ी गंवाने वाली अख्तरी बी ने बताया कि रात में लोगों ने आवाज लगाई कि उठो, आग लग गई है। जब वह घर से बाहर निकलीं तो चारों तरफ आग फैली हुई थी।देखते ही देखते उनकी झोपड़ी पूरी तरह जल गई। घर में रखा अनाज, पैसे, मोबाइल और रोजमर्रा का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।उन्होंने बताया कि वह पिछले 50 साल से यहां रह रही थीं। इतने वर्षों की मेहनत एक ही रात में खत्म हो गई। अब उनके सामने सबसे बड़ी चिंता यह है कि परिवार के साथ कहां रहेंगी और आगे गुजर-बसर कैसे होगी।
पहले भी बस्ती में लग चुकी है कई बार आग
पूर्व पार्षद ताहिर अली ने बताया कि उन्हें रात करीब 2:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर नगर निगम और पुलिस को जानकारी दी।उन्होंने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई। साथ ही बताया कि इस बस्ती में पहले भी कई बार आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं।वहीं, सीएसपी ने बताया कि पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। नगर निगम की दमकल टीम आग बुझाने और रेस्क्यू में जुटी रही। शुरुआती जानकारी में 30 से 35 परिवारों के प्रभावित होने की बात सामने आई है।
घर जले, खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर परिवार
आग में करीब 50 झोपड़ियां जलने से कई परिवार बेघर हो गए हैं। प्रभावित परिवार फिलहाल उसी इलाके में अपने परिचितों और रिश्तेदारों के सहारे समय गुजार रहे हैं।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, जांच जारी
नगर निगम की शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि आग सबसे पहले किस झोपड़ी में लगी और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था।आग में किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है।