भोपाल: मध्यप्रदेश में खाद वितरण को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रदेश में खाद वितरण व्यवस्था और ई-टोकन सिस्टम की तकनीकी खामियों को लेकर सवाल उठाए। कमलनाथ ने आरोप लगाया कि सरकार पर्याप्त खाद स्टॉक होने का दावा कर रही है, लेकिन इसके बावजूद किसानों को खाद लेने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने सर्वर डाउन होने, ओटीपी की समस्या और खराब इंटरनेट कनेक्टिविटी को किसानों की परेशानी की वजह बताया।
खाद संकट को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपनी पोस्ट में लिखा कि प्रदेश की भाजपा सरकार को समस्याएं उत्पन्न करने का गोल्ड मेडल मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसी भी सिस्टम को चौपट करने में महारत रखती है।
कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में हर साल किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ता है। लंबी लाइनें, गोदामों के बाहर भीड़, कालाबाजारी और नकली खाद जैसी समस्याएं किसानों के सामने बनी हुई हैं।
पर्याप्त स्टॉक के दावे के बावजूद किसान परेशान
कमलनाथ ने कहा कि इस बार सरकार खाद का पर्याप्त स्टॉक होने का दावा कर रही है, लेकिन किसानों की स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया है।उन्होंने आरोप लगाया कि खाद वितरण के लिए लागू ई-टोकन व्यवस्था में सर्वर डाउन होने और तकनीकी समस्याओं के कारण किसान परेशान हो रहे हैं। ओटीपी नहीं मिलने और इंटरनेट कनेक्टिविटी खराब होने से खाद लेने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
ई-टोकन व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने ई-टोकन सिस्टम को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों किसानों के आंदोलन के बाद ई-टोकन व्यवस्था बंद कर दी गई थी, लेकिन तकनीकी अपग्रेडेशन किए बिना इसे दोबारा शुरू कर दिया गया।कमलनाथ के मुताबिक, घटिया तकनीक और खराब इंटरनेट कनेक्टिविटी के कारण किसानों को खाद लेने में अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कमलनाथ ने सरकार से की ये मांग
कमलनाथ ने भाजपा सरकार से मांग की कि किसानों को तकनीकी समस्याओं में नहीं उलझाया जाए। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही सरकार की नीतियों के कारण परेशान हैं, ऐसे में खाद वितरण की प्रक्रिया को सरल और सुचारू बनाया जाना चाहिए।