पणजी. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को गोवा में पार्टी की राज्य कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता और नकारात्मकता फैलाने की कोशिश कर रही है लेकिन ये प्रयास सफल नहीं होंगे। नबीन ने कहा कि कांग्रेस सोचती है कि वह युवाओं को बांट सकती है लेकिन देश का युवा अराजकता के साथ नहीं है। युवा आत्मनिर्भर भारत के विजन के साथ काम कर रहे हैं। शिक्षा, स्टार्टअप और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की जरूरत है।
लोकतंत्र पर दोहरे चरित्र का आरोप
नबीन ने कांग्रेस पर लोकतंत्र को लेकर दोहरे चरित्र का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब जनता उन्हें चुनती है तो वे कहते हैं लोकतंत्र जीवित है और जब जनता उन्हें नकारती है तो दावा करते हैं कि लोकतंत्र खतरे में है। तमिलनाडु में जीतने पर सब ठीक है, केरल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के बाद जीतने पर भी सब ठीक है लेकिन पश्चिम बंगाल में हारने पर लोकतंत्र खतरे में बता देते हैं। देश की जनता इस पाखंड और दोहरे चरित्र को अच्छी तरह देख रही है। लोकतंत्र को चुनौती देने की कोशिश की जा रही है।
लोकतंत्र बचाओ अभियान का ऐलान
बीजेपी अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ अभियान’ शुरू करने का फैसला किया है। इस अभियान के जरिए देशभर में जनता से सीधा संवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में पहले भी कई बार एसआईआर हुए हैं। व्यवस्था है जिसके जरिए जनता को वोट का अधिकार मिलता है, योग्य मतदाता तय होता है और वैध मतदाता की पहचान सत्यापित होती है। कांग्रेस के लंबे शासनकाल में भी एसआईआर हुए और विपक्ष ने सहयोग किया। आज वही कांग्रेस इस प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है।
राहुल गांधी पर निशाना
नबीन ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब भी विपक्ष के नेता बोलते हैं तो देश में अराजकता फैलाने के लिए बोलते हैं। वे विकास को लेकर कभी सवाल नहीं उठाते। आज देश विकास की ओर अग्रसर है तो सवाल उठाने का मौका ही नहीं मिल रहा क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसा कोई अवसर नहीं दिया। विकास का ऐसा मानक स्थापित हो गया है कि कांग्रेस नेता कहीं दिखाई नहीं देते। अराजकता फैलाने की कोशिशें नाकाम होंगी।
महिलाओं के सम्मान को लेकर तंज
बीजेपी अध्यक्ष ने कांग्रेस पर महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का तथाकथित युवराज पैट्रियार्की तोड़ने की बात करते है लेकिन महिलाओं की इज्जत और अधिकारों की रक्षा में कांग्रेस पीछे क्यों रह जाती है। जेएनयू में 11 छात्राओं ने एक प्रोफेसर जो कांग्रेस सांसद हैं पर उत्पीड़न की शिकायत की थी। जांच हुई लेकिन राहुल गांधी या कांग्रेस नेताओं ने एक शब्द नहीं कहा। इससे साफ है कि वे सिर्फ अराजकता फैलाने आए हैं।
संविधान और इतिहास का हवाला
नबीन ने कहा कि जो लोग संविधान का नाम लेते हैं उनका वास्तव में उसके प्रति कोई सम्मान नहीं है। यही कांग्रेस वाले हैं जिन्होंने संविधान के पन्ने फाड़े। नेहरू परिवार ने भीमराव अंबेडकर का अपमान किया और उन्हें चुनाव हराने के लिए हर हथकंडा अपनाया। इतिहास की किताबें दोबारा खोली जाएं तो कांग्रेस नेता अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे। आज वही लोग संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। बीजेपी अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि देश अराजकता और नकारात्मकता को अनुमति नहीं देगा।