नई दिल्ली: ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे ने मोबाइल और पावर बैंक चार्जिंग के दौरान आग या विस्फोट जैसी घटनाओं का खतरा कम करने के लिए सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक सभी कोचों में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखना अनिवार्य होगा। रेलवे बोर्ड ने 26 अक्टूबर को सभी क्षेत्रीय रेलवे को पत्र जारी कर पहले से लागू निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा है। यह कदम दक्षिण पूर्व रेलवे में चलती ट्रेन के अंदर पावर बैंक फटने की घटना के बाद उठाया गया है। नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण भी किए जाएंगे।
रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नहीं चलेगा चार्जिंग पॉइंट
रेलवे बोर्ड ने सभी क्षेत्रीय रेलवे को निर्देश दिया है कि रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों के सभी कोचों में चार्जिंग पॉइंट बंद रखे जाएं। इस दौरान मोबाइल फोन, पावर बैंक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज नहीं किए जा सकेंगे।
पावर बैंक ब्लास्ट के बाद रेलवे ने बढ़ाई सख्ती
रेलवे बोर्ड के मुताबिक, दक्षिण पूर्व रेलवे में हाल ही में एक घटना सामने आई, जिसमें निर्धारित समय के दौरान चार्जिंग पॉइंट बंद नहीं किए गए थे। इसी दौरान चार्जिंग पर लगा एक यात्री का पावर बैंक फट गया।इस घटना के बाद रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ाने का फैसला किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए और लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाए।
औचक निरीक्षण करेंगे अधिकारी और सुपरवाइजर
रेलवे बोर्ड ने केवल निर्देश जारी करने तक सीमित न रहते हुए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया है। अधिकारियों और सुपरवाइजरों को ट्रेनों में औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण के दौरान यह जांचा जाएगा कि रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट वास्तव में बंद रखे जा रहे हैं या नहीं। रेलवे कर्मचारियों को इस व्यवस्था के संबंध में जागरूक करने और आवश्यक प्रशिक्षण देने के लिए भी कहा गया है।
25 अक्टूबर को मुंबई-हावड़ा मेल में फटा था पावर बैंक
जानकारी के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 को मुंबई-हावड़ा मेल (ट्रेन नंबर 12809) में पावर बैंक फटने की घटना हुई थी। यह घटना सुबह करीब 3:38 बजे ओडिशा के बंडामुंडा स्टेशन के पास चक्रधरपुर रेल मंडल में हुई।बताया गया कि ट्रेन के B-3 एसी कोच की बर्थ नंबर 6 पर एक यात्री का पावर बैंक चार्जिंग पर लगा था। घटना के अगले दिन, 26 अक्टूबर को रेलवे बोर्ड ने सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के लिए पत्र जारी किया।
यात्रियों को भी सतर्क रहने की सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें। यदि मोबाइल फोन या पावर बैंक असामान्य रूप से गर्म हो, उसमें से धुआं निकले या कोई अन्य खराबी दिखाई दे, तो तुरंत ट्रेन स्टाफ को इसकी जानकारी दें।रात के समय चार्जिंग पॉइंट बंद रखने की व्यवस्था का उद्देश्य ट्रेन में आग और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है। यात्रियों को सफर के दौरान रेलवे के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।