लखनऊ - राजनीतिक बयानबाज़ी के बीच आचार्य प्रमोद कृष्णम ने समाजवादी पार्टी पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने सपा की सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बंगाल चुनाव के बाद पार्टी को अचानक भगवान हनुमान की याद आ गई।
अखिलेश पर कृष्णम का तंज
दरअसल, समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘बड़े मंगल’ के अवसर पर भगवान हनुमान की तस्वीर साझा करते हुए शुभकामनाएं दी थीं। इसी पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने लिखा, “बंगाल में ‘लंका’ दहन होते ही ‘हनुमान’ जी याद आ गए,” और सपा पर धार्मिक भावनाओं को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया।
सब सुख लहै तुम्हारी सरना
वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी भगवान हनुमान से जुड़ा एक पोस्ट साझा किया, जिसमें चौपाई लिखी गई थी—“सब सुख लहै तुम्हारी सरना, तुम रच्छक काहू को डर ना।” इस पोस्ट को पार्टी समर्थकों के बीच व्यापक रूप से साझा किया गया।
डिंपल यादव का पोस्ट
इसके अलावा सपा सांसद डिंपल यादव ने भी ‘प्रथम बड़े मंगल’ के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और धार्मिक आस्था से जुड़े संदेश साझा किए। बंगाल चुनावके बाद से ही सोशल मीडिया पर धार्मिक प्रतीकों को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाज़ी बढ़ी है। ऐसे में इस तरह की टिप्पणियां राजनीतिक माहौल को और गरमा सकती हैं।