लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिजली संकट को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ को “सबसे असफल मुख्यमंत्री” बताते हुए कहा कि प्रदेश में पैदा हुई “महा विद्युत आपदा” के लिए सरकार जिम्मेदार है।
सोशल मीडिया पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए भाजपा सरकार पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि अगले चुनाव में जनता भाजपा को “धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।”
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि शुक्र है मुख्यमंत्री ने अभी तक बिजली संकट के लिए “दिल्ली वालों के दूत” को जिम्मेदार नहीं ठहराया।
बिजली मंत्री को लेकर उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री योगी और ऊर्जा मंत्री एके सिंह के रिश्तों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट किया जाए कि समीक्षा बैठकों में बिजली मंत्री शामिल होते हैं या उन्हें बुलाया ही नहीं जाता।
अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ऊर्जा मंत्री के “कंधे पर हाथ रखकर” एक तस्वीर पोस्ट कर दें, ताकि जनता को उनकी “आपसी गर्मी” से ही कुछ राहत मिल जाए।
भाजपा में अब ‘करंट’ नहीं रहा: अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में बिजली सब-स्टेशनों पर PAC तैनात करनी पड़ रही है और भाजपा विधायक-सांसद अपनी ही सरकार के खिलाफ चिट्ठियां लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में अब “करंट” नहीं बचा है।
बिजली कटौती से परेशान जनता
प्रदेश में इन दिनों तेज गर्मी के बीच राजधानी लखनऊ, कानपुर, नोएडा, आगरा, मेरठ समेत कई जिलों में लगातार बिजली कटौती हो रही है। इससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। कई जगहों पर लोगों ने सड़क पर उतरकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया है।
बीजेपी नेताओं ने भी जताई नाराजगी
बिजली संकट को लेकर बीजेपी के कई विधायक और सांसद भी नाराज नजर आए। बताया जा रहा है कि कई जनप्रतिनिधियों ने सरकार को पत्र लिखकर अपने क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुधारने की मांग की है।
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजली संकट को लेकर ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सीएम योगी ने अधिकारियों को प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए हैं।