लखनऊ: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकार की मर्जी से फर्जी एनकाउंटर कराए जा रहे हैं और कई निर्दोष परिवार इसकी वजह से बर्बाद हो चुके हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार अपनी धाक जमाने और भय का माहौल बनाने के लिए ऐसी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एनकाउंटर जाति देखकर किए जा रहे हैं और सबसे ज्यादा पीडीए वर्ग के लोग इसका शिकार बने हैं।
फेक एनकाउंटर को लेकर सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में लगातार फेक एनकाउंटर की खबरें सामने आ रही हैं और कई परिवार इस बारे में खुलकर बोल चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की सहमति और दबाव में पुलिस ऐसी कार्रवाई कर रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि निर्दोष लोगों को निशाना बनाया जा रहा है और यह सब सरकार अपनी छवि मजबूत करने के लिए करवा रही है। उन्होंने कहा कि यह बेहद खतरनाक स्थिति है और इससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
“जाति देखकर हो रहे एनकाउंटर”
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में जाति विशेष को निशाना बनाकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सबसे ज्यादा अत्याचार पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए वर्ग पर हुए हैं। सपा प्रमुख के मुताबिक फर्जी एनकाउंटर के जरिए इन वर्गों में डर पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार सामाजिक विभाजन की राजनीति कर रही है और पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।
जौनपुर पुजारी केस का भी किया जिक्र
सपा अध्यक्ष ने जौनपुर के एक यादव पुजारी के कथित एनकाउंटर मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने संघर्ष कर उस परिवार को न्याय दिलाने का काम किया और दोषियों को जेल तक पहुंचाया। अखिलेश ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर करने वाले लोग धीरे-धीरे मानसिक रूप से बीमार हो जाते हैं, क्योंकि निर्दोष लोगों पर कार्रवाई समाज और व्यवस्था दोनों को कमजोर करती है।
“यूपी में सपा सरकार बनते ही केंद्र की भाजपा सरकार गिरेगी”
अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही केंद्र की भाजपा सरकार भी गिर जाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर “फेक अर्थव्यवस्था” चलाने का आरोप लगाया और कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है और चाय से लेकर जरूरी चीजें महंगी होती जा रही हैं।
बिजली संकट और महंगाई पर भी साधा निशाना
सपा प्रमुख ने प्रदेश में जारी बिजली संकट को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से जनता परेशान है, लेकिन सरकार कोई समाधान नहीं निकाल पा रही। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बिजली क्षेत्र में कोई बड़ा काम नहीं किया और केवल बिजली के बिल बढ़ाकर जनता पर बोझ डाला है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में जो बिजली मिल रही है, वह समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान लगाए गए बिजलीघरों की वजह से मिल रही है।
हाथरस केस का किया जिक्र
अखिलेश यादव ने 2020 के हाथरस मामले का भी जिक्र किया और कहा कि उस समय जो तस्वीर प्रदेश में देखने को मिली थी, वैसी ही स्थिति अब फिर दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है और सरकार के संरक्षण में गलत कार्रवाई हो रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि जनता अब भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान हो चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।