लखनऊ: Akhilesh Yadav ने उत्तर प्रदेश में बाहुबली नेताओं और आपराधिक छवि वाले लोगों के आर्म्स लाइसेंस की रिपोर्ट मांगे जाने के मुद्दे पर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। सपा प्रमुख ने कहा कि असली हथियारों के लाइसेंस तो बनते हैं, लेकिन कुछ “अदृश्य शस्त्र” ऐसे भी हैं जो समाज और देश को अंदर से नुकसान पहुंचा रहे हैं।
आर्म्स लाइसेंस रिपोर्ट पर सियासत तेज
इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा प्रदेश के सभी जिलों से बाहुबली नेताओं और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों के आर्म्स लाइसेंस की रिपोर्ट तलब किए जाने के बाद यह मामला राजनीतिक रंग पकड़ता जा रहा है। इसी मुद्दे पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबा पोस्ट करते हुए बीजेपी सरकार को निशाने पर लिया।
‘अदृश्य शस्त्र’ वाले बयान से साधा निशाना
अखिलेश यादव ने लिखा कि “असली शस्त्र के तो लाइसेंस बनते हैं लेकिन कुछ अदृश्य शस्त्र भी हैं, जो गुप्त रूप से देश, समाज और आपसी प्रेम पर अंदर से बेहद घातक हमला कर रहे हैं।” उन्होंने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली ताकतों से जोड़ते हुए बीजेपी पर परोक्ष हमला किया।
बीजेपी नेताओं के निर्माण और फंडिंग पर उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने बीजेपी नेताओं और उनके करीबियों पर अवैध निर्माण कराने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि बीजेपी नेताओं के घर, दुकान, कार्यालय और प्रतिष्ठानों के नक्शों व दस्तावेजों की भी जांच कराई जाए। साथ ही विभिन्न आयोजनों और आपदाओं के नाम पर जुटाए गए चंदे और फंड का ऑडिट कराने की बात कही।
‘संगी-साथियों’ पर लगाए गंभीर आरोप
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में बीजेपी के सहयोगियों पर भी हमला बोलते हुए कहा कि ऐसे “संगी-साथी” सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ये लोग किसके इशारे पर काम करते हैं और इनके खर्च का स्रोत क्या है।