लखनऊ। उत्तर प्रदेश में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। Akhilesh Yadav ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब 9 साल में सरकार कुछ नहीं कर सकी, तो आखिरी 9 महीनों में नए मंत्री क्या कर लेंगे।
अखिलेश ने X पर उठाए कई सवाल
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लंबी पोस्ट लिखकर योगी सरकार के संभावित कैबिनेट विस्तार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यूपी मंत्रिमंडल में केवल 6 रिक्तियां हैं, जबकि भाजपा में दूसरे दलों से आए नेताओं की संख्या इससे कहीं ज्यादा है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या सभी दल-बदलुओं को मंत्री पद से नवाजा जाएगा या फिर सबसे कमजोर नेताओं को मौका दिया जाएगा, ताकि उनकी राजनीतिक कमजोरी कुछ कम हो सके।
‘दल-बदलुओं को क्या मिलेगा?’
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर किसी एक समाज के नेता को मंत्री बनाया जाता है, तो बाकी नेताओं की उपेक्षा और नाराजगी को कैसे संभाला जाएगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा अपने ही नेताओं को यह एहसास करा देगी कि “भाजपा किसी की सगी नहीं होती।”
उन्होंने यह भी कहा कि जो नेता लंबे समय से मंत्री बनने का इंतजार कर रहे हैं, उनका क्या होगा। अगर मौजूदा मंत्रियों के विभाग कम किए जाते हैं, तो इससे जनता के बीच यह संदेश जाएगा कि वे मंत्री अपने काम में असफल रहे।
‘भ्रष्टाचार और अत्याचार ही होगा’
सपा प्रमुख ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 9 सालों में जनता को सिर्फ महंगाई, बेरोजगारी और अत्याचार मिला है। उन्होंने लिखा,
“ये भी केवल वही करेंगे जो भाजपा सरकार ने किया है —
भ्रष्टाचार और अत्याचार,
पीडीए पर वार-ही-वार,
महंगाई-बेकारी की मार,
ये जीना कर देंगे दुश्वार।”
यूपी में कैबिनेट विस्तार की चर्चा तेज
दरअसल, उत्तर प्रदेश में जल्द मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हैं। सूत्रों के मुताबिक सरकार छह नए चेहरों को कैबिनेट में शामिल कर सकती है। इसे आगामी विधानसभा चुनावों से पहले बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।