लखनऊ - समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में बिजली संकट और भीषण गर्मी को लेकर एक बार फिर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति लगातार गरमाती जा रही है और बिजली कटौती का मुद्दा अब सियासी बहस का बड़ा केंद्र बन चुका है।
सपा सरकार में बिजली के तारों पर कपड़े सुखाए जाते थे
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव लगातार सोशल मीडिया के जरिए राज्य की योगी सरकार को घेर रहे हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी ने तंज कसते हुए कहा था कि जिन लोगों के शासनकाल में बिजली के तारों पर कपड़े सुखाए जाते थे, वे आज बिजली व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
भाजपा में अब कोई करेंट नहीं बचा है!
सीएम योगी के इस बयान पर पलटवार करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि, अगले चुनाव में जनता भाजपा को अच्छे से धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी, क्योंकि भाजपा में अब कोई करेंट नहीं बचा है!
अखिलेश लगातार सरकार को घेर रहे
अखिलेश यादव का यह बयान अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। सपा लगातार बिजली कटौती, बढ़ती गर्मी और आम लोगों की परेशानियों को मुद्दा बनाकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है। वहीं भाजपा सरकार अपने कार्यकाल में बिजली व्यवस्था में हुए सुधार और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को लेकर जवाब दे रही है।
बिजली पर सरकार विपक्ष आमने-सामने
उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव को लेकर अभी समय है, लेकिन सियासी बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर अभी से तेज हो चुका है। बिजली, पानी, महंगाई और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं।