अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब धनीपुर हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाले एक प्रशिक्षु विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति बिगड़ने पर पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए थाना हरदुआगंज क्षेत्र के चंगेरी गांव के पास एक खेत में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। विमान खेत में उतरते समय मिट्टी में धंस गया और वहीं रुक गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार पायलट और प्रशिक्षु छात्र दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
उड़ान के करीब एक घंटे बाद आई खराबी
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 8 बजकर 25 मिनट पर विमान ने धनीपुर हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान लगभग एक घंटे बाद विमान में तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति को गंभीर होते देख पायलट ने तुरंत सुरक्षित स्थान की तलाश शुरू की और गांव चंगेरी के पास खेत में विमान उतारने का फैसला लिया। पायलट की सूझबूझ की वजह से बड़ा हादसा टल गया।
खेत में उतरा विमान, देखने उमड़ी भीड़
विमान के खेत में उतरते ही आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विमान को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने विमान को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने दी जानकारी
एडीएम सिटी अतुल गुप्ता ने बताया कि विमान में मौजूद पायलट और प्रशिक्षु छात्र पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने बेहद समझदारी के साथ विमान को खेत में उतारा, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।प्रशासन अब तकनीकी खराबी के कारणों की जांच कर रहा है।