अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में 10वां दीपोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस मौके पर सरयू नदी के किनारे 56 घाटों पर 30 लाख दीये जलाए गए, जिससे पूरी अयोध्या रोशनी से जगमगा उठी। राम की पैड़ी और सरयू घाट पर लेजर शो के जरिए रामायण का भव्य प्रदर्शन किया गया। वहीं 2100 ड्रोन की मदद से विशेष शो आयोजित हुआ। इस आयोजन में उपराष्ट्रपति, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई मंत्री और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
56 घाटों पर जले 30 लाख दीये, रोशनी से जगमगाई अयोध्या
अयोध्या के दीपोत्सव में इस बार सरयू नदी के किनारे स्थित 56 घाटों पर 30 लाख दीये जलाए गए। राम की पैड़ी और सरयू घाट पर दीपों की रोशनी ने भव्य नजारा पेश किया।दीपोत्सव देखने के लिए मुंबई, गुजरात, बिहार समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक अयोध्या पहुंचे।
2100 ड्रोन से आसमान में दिखा विशेष शो
दीपोत्सव के दौरान 2100 ड्रोन की मदद से विशेष शो आयोजित किया गया। इसके अलावा राम की पैड़ी और सरयू घाट पर लेजर शो के माध्यम से रामायण की झलक दिखाई गई।सरयू तट पर 2147 अर्चकों ने एक साथ सरयू की महाआरती की। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
21 झांकियों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
मुख्य दीपोत्सव कार्यक्रम से पहले अयोध्या में करीब तीन घंटे तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें कुल 21 झांकियां शामिल रहीं।भगवान राम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को देखकर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।
CM योगी बोले- कुछ ताकतें नक्सलवाद और आतंकवाद को बढ़ावा दे रहीं
दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में देश की वर्तमान परिस्थितियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक ओर देश विरासत, विकास और लोककल्याण के जरिए आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में जुटा है।वहीं दूसरी ओर कुछ ताकतें नक्सलवाद, आतंकवाद और अराजकता को बढ़ावा देकर देश की व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश कर रही हैं।
जय श्रीराम बोलने पर अब कोई प्रतिबंध नहीं लगा सकता: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब अयोध्या में जय श्रीराम बोलने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगा सकता। प्रदेश में किसी को पूजा करने से नहीं रोका जा सकता और न ही कोई दंगा करने की हिम्मत कर सकता है।
नया भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा: CM योगी
उन्होंने कहा कि नया भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सरकार बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने का काम कर रही है।