उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कंटेनर में जा घुसी, जिससे कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी के मुताबिक, हादसा कंधरापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 238 के पास हुआ। हरियाणा नंबर की एक कार मऊ से लखनऊ की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़े कंटेनर से जा टकराई।हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मचा हड़कंप
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और अन्य वाहन चालक मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक कार सवारों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंच गई।
दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल
इस हादसे में मरने वालों में दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर रास्ता साफ कराया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।