बागपत - उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में स्थित श्री पार्श्वनाथ प्राचीन दिगंबर जैन मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए नया ड्रेस कोड लागू किया गया है। मंदिर प्रबंधन समिति ने परिसर में सूचना बोर्ड लगाकर लोगों से भारतीय संस्कृति के अनुरूप शालीन कपड़े पहनकर ही प्रवेश करने की अपील की है।
जींस-टॉप, स्कर्ट पर लगा बैन
जारी दिशा-निर्देशों में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि श्रद्धालु जींस-टॉप, स्कर्ट, बरमूडा और हाफ पैंट जैसे आधुनिक परिधानों को पहनकर मंदिर में प्रवेश न करें। समिति का मानना है कि इस तरह के कपड़े मंदिर की गरिमा और धार्मिक वातावरण के अनुरूप नहीं हैं। इसके अलावा महिलाओं और बालिकाओं से विशेष रूप से सिर ढककर मंदिर आने का आग्रह किया गया है। यह परंपरा लंबे समय से कई धार्मिक स्थलों पर अपनाई जाती रही है और इसे सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक माना जाता है।
आस्था और मर्यादा को बनाए रखना
मंदिर प्रशासन का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य धार्मिक परंपराओं, आस्था और मर्यादा को बनाए रखना है। साथ ही श्रद्धालुओं को एक अनुशासित और पवित्र वातावरण उपलब्ध कराना भी इस निर्णय का हिस्सा है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से इन नियमों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि मंदिर की गरिमा बनी रहे और सभी लोग शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन कर सकें।