मुरादाबाद - भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता भूपेंद्र चौधरी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व लगातार भाषा की मर्यादा लांघ रहा है, जो उनके राजनीतिक चरित्र को दर्शाता है।
देश ने कांग्रेस को नकार दिया
भूपेंद्र चौधरी ने देश की सबसे पुरानी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि, देश की जनता ने कांग्रेस को पहले ही नकार दिया है और आने वाले चुनावों में जनता इसका जवाब देगी। बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता अनावश्यक रूप से राजनीतिक माहौल को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर सरकार का पक्ष
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह स्थिति वैश्विक ऊर्जा संकट का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर भारत पर भी पड़ा है। उन्होंने बताया कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और व्यवस्था को संतुलित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
“प्रधानमंत्री के संकल्प के साथ जनता”
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पहले ही देशवासियों को इस वैश्विक संकट के लिए आगाह किया था। उन्होंने कहा कि सरकार और जनता मिलकर इस चुनौती का सामना कर रहे हैं और देश प्रधानमंत्री के संकल्प के साथ खड़ा है।