भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर पहली बार लखनऊ पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक उनके स्वागत के लिए 42 स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां सामाजिक संगठनों, व्यापारी संगठनों, अधिवक्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका अभिनंदन किया जाएगा।
भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के अनुसार, नितिन नवीन सुबह 11:05 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमौसी पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद एयरपोर्ट से प्रदेश मुख्यालय तक भव्य स्वागत यात्रा निकाली जाएगी।
42 स्थानों पर होगा जोरदार स्वागत
स्वागत यात्रा कृष्णानगर मोड़, आलमबाग, टी.एन. चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहा होते हुए भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेगी। पूरे मार्ग में 42 स्थानों पर पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और स्वागत समारोह आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश मुख्यालय में संगठनात्मक बैठकों का दौर
प्रदेश मुख्यालय पहुंचने के बाद नितिन नवीन प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। बैठक में संगठन की गतिविधियों, आगामी अभियानों और जनसंपर्क कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ भविष्य की रणनीति पर चर्चा होगी।
हनुमान सेतु में दर्शन, मुख्यमंत्री योगी के साथ करेंगे बैठक
बैठकों के बाद नितिन नवीन हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके पश्चात गोमतीनगर स्थित होटल ताज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान सरकार और संगठन के बीच समन्वय तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री आवास पर होगा रात्रिभोज
दिन के अंतिम कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पहुंचेंगे। यहां दोनों नेताओं के बीच मुलाकात होगी और रात्रिभोज के दौरान प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श होने की संभावना है।