लखनऊ- उत्तर प्रदेश दौरे पर लखनऊ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और सरकार-संगठन के समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
'2027 में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी BJP'
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास के एजेंडे पर लगातार काम किया है। उन्होंने दावा किया कि इसी जनविश्वास के दम पर भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज करेगी और पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता और नेता पूरे समय जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करते हैं, जबकि विपक्ष केवल चुनाव के समय सक्रिय दिखाई देता है।
भूपेंद्र चौधरी का विपक्ष पर हमला
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा पूरी तरह संगठनात्मक है। उन्होंने बताया कि नितिन नबीन ने अलग-अलग समूहों में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर भविष्य की रणनीति और संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए।
भूपेंद्र चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसका एजेंडा पूरी तरह नकारात्मक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा जाति, भाषा और क्षेत्र के आधार पर समाज को बांटकर देश को कमजोर करने की राजनीति कर रही है।
केशव प्रसाद मौर्य बोले- यूपी को चाहिए विकास और सुशासन
बैठक में शामिल उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब गुंडाराज, माफियाराज, दंगों और परिवारवाद की राजनीति नहीं चाहती। प्रदेश के लोग विकास, सुरक्षा और सुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य 2027 में 2017 जैसी ऐतिहासिक जीत दोहराना है। उनका दावा था कि विकसित भारत के संकल्प के साथ भाजपा सरकार और संगठन मिलकर इतनी बड़ी जीत हासिल करेंगे कि समाजवादी पार्टी अगले 21 वर्षों तक सत्ता के आसपास भी नजर नहीं आएगी।
2027 चुनाव पर संगठन का पूरा फोकस
बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, सहयोगी दलों के साथ बेहतर समन्वय और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। भाजपा नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।