भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को लखनऊ पहुंचे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का संदेश दिया।
जनता के बीच जाकर करना होगा काम
बैठक में नितिन नवीन ने कहा कि केवल बड़े-बड़े जुलूस निकालने से चुनाव नहीं जीते जा सकते। चुनाव में सफलता पाने के लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और दिल जीतना ही राजनीति की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से टीम भावना के साथ काम करने की अपील करते हुए कहा कि आपसी मतभेदों से बचें और अपनी पूरी ऊर्जा विपक्षी दलों का मुकाबला करने में लगाएं। चुनाव नजदीक हैं, इसलिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना जरूरी है।
एयरपोर्ट से पार्टी मुख्यालय तक निकाला रोड शो
बैठक से पहले भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने लखनऊ में भव्य रोड शो किया। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक करीब 18 किलोमीटर लंबा रोड शो सुबह 11:20 बजे शुरू हुआ और दोपहर 1:55 बजे संपन्न हुआ।