सोशल मीडिया पर वायरल हो रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी बड़ा मुद्दा बन गई है। GenZ युवाओं के बीच तेजी से ट्रेंड कर रही इस डिजिटल कैंपेन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के समर्थन के बाद BJP नेताओं ने इसे “विदेशी साजिश” और “ड्रामा” तक बता दिया है।
मथुरा से शुरू हुआ नया वायरल ट्रेंड
दरअसल, मथुरा में एक युवक कॉकरोच की ड्रेस पहनकर नगर निगम ऑफिस पहुंच गया और यमुना में गिर रहे गंदे नालों के विरोध में डांस-प्रदर्शन करने लगा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। युवक ने कहा कि वह शहर की गंदगी और प्रदूषण से नाराज है।
अखिलेश यादव ने दिया सपोर्ट
इस वायरल वीडियो को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया। उन्होंने लिखा कि अब BJP और CJP आमने-सामने हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर #BJPvsCJP ट्रेंड करने लगा और राजनीतिक बहस तेज हो गई।
BJP नेताओं ने बताया ‘विदेशी साजिश’
यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि यह सिर्फ सोशल मीडिया ट्रेंड है और इसका चुनावी असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव अब “कॉकरोच” के भरोसे राजनीति कर रहे हैं। वहीं BJP विधायक नंद किशोर गुर्जर ने इसे विदेशी साजिश बताते हुए UP में बैन करने की मांग कर दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को गुमराह कर देश का माहौल खराब करने की कोशिश हो रही है।
अब्बास अंसारी बोले- CJP जॉइन कर लेंगे
सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर मौका मिला तो वे भी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ जॉइन करना चाहेंगे। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर नए मीम्स और पोस्ट वायरल होने लगे।
साइबर ठगी का मामला भी आया सामने
इसी बीच मुरादाबाद में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया। कुछ युवाओं ने सोशल मीडिया लिंक के जरिए फॉर्म भर दिया, जिसके बाद उनके फोन हैक होने की शिकायत सामने आई। पुलिस ने लोगों से अनजान लिंक और APK फाइल डाउनलोड न करने की अपील की है।
क्या चुनाव लड़ सकती है CJP?
हालांकि, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ और ‘हिट जनता पार्टी’ दोनों ही कोई रजिस्टर्ड राजनीतिक दल नहीं हैं। फिलहाल ये सोशल मीडिया पर चल रही मीम और सटायर बेस्ड डिजिटल कैंेन मानी जा रही हैं। चुनाव लड़ने के लिए किसी भी पार्टी को चुनाव आयोग में रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होता है।