लखनऊ - पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव भले ही संपन्न हो चुके हों, लेकिन राजनीतिक बयानबाज़ी का दौर अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। एग्जिट पोल के नतीजों ने जहां सियासी हलचल तेज कर दी है, वहीं आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी जारी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए आशंका जताई है कि EVM में छेड़छाड़ की जा सकती है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।
4 मई को दीदी की विदाई तय है
इसी बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, “4 मई को परिणाम आने वाले हैं और ‘दीदी’ की विदाई तय है, इसलिए वे इस तरह के बयान देकर दुष्प्रचार कर रही हैं। भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता केशव प्रसाद मौर्य ने आगे अपने बयान में कहा कि EVM या बूथ लूटना भारतीय जनता पार्टी की संस्कृति का हिस्सा नहीं है और न ही उनके कार्यकर्ता ऐसा करते हैं।
केशव का अखिलेश पर निशाना
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि इस तरह की प्रवृत्ति तृणमूल कांग्रेस की रही है। भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता मौर्य ने विश्वास जताया कि जनता के आशीर्वाद से भाजपा पश्चिम बंगाल में बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। मौर्य ने कहा कि महिलाओं के प्रति उनके रवैये को लेकर उन्हें जनता से माफी मांगनी चाहिए और इसके लिए यात्रा निकालनी चाहिए।
चुनाव के बाद भी जारी इस सियासी बयानबाज़ी ने साफ कर दिया है कि परिणाम आने तक राजनीतिक माहौल गरमाया रहेगा और सभी दल अपने-अपने दावों को लेकर आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं।