लखनऊ - उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इससे देश में हो रहे नवाचारों और प्रेरणादायक प्रयासों की जानकारी लोगों तक पहुंचती है, जिससे युवाओं को नई दिशा और प्रेरणा मिलती है।
दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा
गाजियाबाद की खोरा कॉलोनी में एक किशोर की चाकू मारकर हत्या किए जाने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेतदा ब्रजेश पाठक ने कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को घेर लिया और जवाबी कार्रवाई में मुख्य अभियुक्त मारा गया। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने खोरा कॉलोनी हत्याकांड पर कहा कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने घटना को दुखद बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून के अनुसार आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे ताकि दोषियों को उचित सजा मिल सके।