लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या और बस्ती के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वह दोनों जिलों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न जनसभाओं को संबोधित करेंगे तथा कई जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता एवं प्रमाण-पत्र भी वितरित करेंगे।
अयोध्या के सोहावल में ₹432.70 करोड़ की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 10:50 बजे अयोध्या जिले के सोहावल पहुंचेंगे। यहां वह बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित सिंह चौहान के पिता एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद ₹432.70 करोड़ की लागत वाली कुल 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे वह बस्ती के लिए रवाना होंगे।
बस्ती में ₹504.34 करोड़ की 77 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
दोपहर करीब 12:30 बजे मुख्यमंत्री बस्ती जिले के हरैया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचेंगे। यहां वह ₹27 करोड़ की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य का भूमि पूजन करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।
मुख्यमंत्री हरैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों के लिए ₹504.34 करोड़ की लागत वाली 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र और सहायता सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की जनसभा भी आयोजित होगी।
दौरे के बाद गोरखपुर जाएंगे मुख्यमंत्री
अयोध्या और बस्ती के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर बाद गोरखपुर पहुंचेंगे, जहां वह विभिन्न सरकारी एवं सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।