लखनऊ। Yogi Adityanath ने सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर बड़ा बयान दिया है। राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में सड़कों पर नमाज नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नमाज पढ़नी है तो शिफ्ट में पढ़िए, लेकिन सड़क जाम कर आम लोगों को परेशान नहीं किया जा सकता। सीएम योगी ने कहा कि सड़कें आम जनता के आवागमन के लिए होती हैं, किसी भी धार्मिक आयोजन के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि अगर किसी स्थान पर जगह कम है तो लोग शिफ्ट में नमाज अदा करें, लेकिन सार्वजनिक रास्तों को बाधित नहीं किया जाएगा।
‘सड़क चलने के लिए होती है’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोग उनसे पूछते हैं कि क्या यूपी में अब सड़कों पर नमाज नहीं होती? इस पर उन्होंने जवाब दिया कि “कतई नहीं होती।” उन्होंने कहा कि सड़क पर नमाज से आम नागरिकों, मरीजों, कर्मचारियों, व्यापारियों और यात्रियों को परेशानी होती है। सरकार किसी को भी सड़क रोकने की अनुमति नहीं दे सकती।
‘संख्या ज्यादा है तो शिफ्ट में पढ़िए’
सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोगों ने उनसे कहा कि नमाजियों की संख्या ज्यादा होती है। इस पर उन्होंने सुझाव दिया कि शिफ्ट में नमाज पढ़ी जाए। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है और सरकार कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं करेगी।
‘प्यार से मानेंगे तो ठीक, नहीं तो दूसरा तरीका’
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार पहले संवाद के जरिए लोगों को समझाने का प्रयास करती है। लेकिन अगर कोई नियम नहीं मानेगा तो सरकार दूसरा तरीका अपनाने से भी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अराजकता फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी और कानून का राज हर हाल में कायम रहेगा।
बरेली का भी किया जिक्र
सीएम योगी ने अपने बयान में बरेली का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कुछ लोगों ने “ताकत आजमाने” की कोशिश की थी, लेकिन सरकार ने सख्ती से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि लोग सिस्टम और कानून के साथ चलें।