लखनऊ:
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा जिले के करनैलगंज क्षेत्र में 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में असुरक्षा, दंगे और अराजकता का माहौल था, जिसके कारण रामभक्त भी अयोध्या नहीं जा पाते थे। आज उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था, विकास और सुशासन का मॉडल बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों ने प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं।
गोंडा के विकास को बताया नई दिशा देने वाला कदम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोंडा ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला है, लेकिन लंबे समय तक यह विकास से वंचित रहा। तुष्टिकरण, जातिवाद और भाई-भतीजावाद की राजनीति के कारण जिले की प्रगति प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि आज केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर गोंडा को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। 516 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।
2017 से पहले था असुरक्षा का माहौल
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, उपद्रव और अपराध आम बात थे। त्योहारों में व्यवधान डाला जाता था, व्यापारी असुरक्षित महसूस करते थे और बेटियों के लिए माहौल अनुकूल नहीं था। उन्होंने कहा कि उस समय सत्ता में बैठे लोग दंगाइयों को संरक्षण देते थे। आज कानून का राज स्थापित हुआ है और जो भी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राम मंदिर निर्माण को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है, जो डबल इंजन सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पहले रामभक्तों पर लाठियां और गोलियां चलाई जाती थीं, जबकि आज अयोध्या विश्वस्तरीय धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी के रूप में विकसित हो रही है। देश-दुनिया से श्रद्धालु बड़ी संख्या में भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के मिल रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने योजनाओं के लाभ वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित की है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन और निराश्रित महिला पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को बिना किसी भेदभाव के दिया जा रहा है। अब जाति, धर्म या चेहरे के आधार पर नहीं बल्कि पात्रता के आधार पर लाभार्थियों का चयन किया जाता है।
हर जिले तक पहुंचा विकास
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले विकास कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित था, लेकिन अब प्रदेश के हर जिले में विकास कार्य हो रहे हैं। गोंडा में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि महाविद्यालय और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है। श्रावस्ती में एयरपोर्ट का निर्माण तेजी से चल रहा है। सड़क, पुल और अन्य बुनियादी परियोजनाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
किसानों के लिए प्राकृतिक खेती और हरित ऊर्जा पर जोर
मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे भूमि की उर्वरता बढ़ेगी और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हरित ऊर्जा भविष्य की आवश्यकता है और इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक लाभ भी मिलेगा।
मटियारी घाट पुल और बाढ़ नियंत्रण परियोजना को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि मटियारी घाट पर दीर्घ सेतु निर्माण के लिए घाघरा नदी तट पर स्पर निर्माण और बाढ़ नियंत्रण परियोजना को मंजूरी दी गई है। इससे हजारों एकड़ कृषि भूमि को बाढ़ से सुरक्षा मिलेगी। टेढ़ी नदी पर पुल निर्माण की वर्षों पुरानी मांग भी पूरी की जा रही है। इसके अलावा करनैलगंज आईटीआई में आधुनिक कार्यशाला और पशु चिकित्सालय जैसी नई सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।