महराजगंज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महराजगंज में ₹208 करोड़ से अधिक की 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने पूर्वांचल की तस्वीर बदल दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सही वोट विकास, सुरक्षा और सुशासन लाता है, जबकि गलत वोट जातिवाद, परिवारवाद, माफियावाद और अराजकता को बढ़ावा देता है।
‘पूर्वांचल को माफिया और भय से बाहर निकाला’
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले महराजगंज और पूर्वांचल इंसेफेलाइटिस, खराब स्वास्थ्य सेवाओं, माफियावाद और पलायन जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनने के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुधरी, सड़क नेटवर्क मजबूत हुआ और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलीं।
‘कब्रिस्तानों की जगह मंदिरों और विकास पर खर्च’
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले जनता के करोड़ों रुपए कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल पर खर्च किए जाते थे, लेकिन अब वही पैसा मंदिरों के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विकास में लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर-सोनौली फोरलेन, बनेलिया माई बैराज और सड़क परियोजनाएं जनता के सही वोट का परिणाम हैं।
‘इंसेफेलाइटिस खत्म, बीमारू टैग भी हटा’
सीएम योगी ने दावा किया कि महराजगंज, कुशीनगर और सिद्धार्थनगर जैसे जिलों से इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश ‘बीमारू राज्य’ की छवि से बाहर निकलकर देश के विकास इंजन के रूप में उभर रहा है।
‘प्रदेश में माफिया का आतंक खत्म’
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गरीबों की जमीनों पर कब्जा नहीं हो सकता, बेटियां सुरक्षित हैं और प्रदेश में माफिया राज समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार हर गरीब तक आवास, राशन, शौचालय और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
राम मंदिर और काशी विश्वनाथ का भी किया जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण और काशी विश्वनाथ धाम का विकास डबल इंजन सरकार की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जैसी पार्टियां इन कार्यों में हमेशा बाधा बनती रहीं।
ईंधन संकट और ‘नेशन फर्स्ट’ की अपील
मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया संकट और बढ़ती ईंधन कीमतों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान तनाव के कारण डीजल, पेट्रोल और एलपीजी की सप्लाई प्रभावित हुई है। सीएम योगी ने लोगों से बिजली और ईंधन बचाने की अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से देश को मजबूत बनाया जा सकता है।
किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने किसानों से यूरिया की खपत कम कर कंपोस्ट खाद और जैविक खेती को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।