लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ दौरे के दौरान एक बार फिर माफियाओं और अपराधियों को खुली चेतावनी दी। गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कोई माफिया खुली जीप में पिस्टल लहराते हुए किसी हिंदू को धमका नहीं सकता। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और जो भी धार्मिक आयोजनों या बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसकी दुर्गति तय है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान 392 करोड़ रुपये से अधिक की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
माफियाओं को मंच से दी खुली चेतावनी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब प्रदेश में किसी गुंडे या माफिया में इतना दुस्साहस नहीं बचा कि वह त्योहारों या धार्मिक आयोजनों में उपद्रव कर सके। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने रामलीला, रामनवमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि या अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में व्यवधान डालने की कोशिश की तो उसकी रावण और कंस जैसी दुर्गति होगी। उन्होंने साफ कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों का इंतजार केवल “यमराज” करेंगे।
2017 से पहले का दौर याद दिलाया
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता का माहौल था। उन्होंने 2005 के मऊ दंगे का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय सत्ता के संरक्षण में माफिया रामलीला जैसे आयोजनों में बाधा डालते थे और निर्दोष लोगों की जान जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में सरकारें माफियाओं के सामने नतमस्तक रहती थीं और आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर थी।
“अच्छी सरकार विकास लाती है”
मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सरकार बिना भेदभाव विकास करती है। सड़क, पुल, अस्पताल और बाढ़ सुरक्षा जैसी योजनाएं किसी की जाति देखकर काम नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि जब गलत लोग सत्ता में आते हैं तो विकास का पैसा लूट लिया जाता है और कानून व्यवस्था बिगड़ जाती है। सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश में गरीबों को आवास, शौचालय, राशन और स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं, क्योंकि सरकार की नीयत साफ है।
विकास परियोजनाओं की दी जानकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि मऊ में 392 करोड़ रुपये से अधिक की 114 परियोजनाओं पर काम हो रहा है। इनमें सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास का अभियान बिना रुके और बिना झुके लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मऊ में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण तेजी से हो रहा है और जल्द ही उसका उद्घाटन भी किया जाएगा।
एक-एक वोट की ताकत भी समझाई
सीएम योगी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जनता का एक-एक वोट प्रदेश और देश की दिशा तय करता है। उन्होंने कहा कि यही वोट अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम के विकास और प्रदेश को दंगामुक्त बनाने में सहायक बना। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में बेटियां रात में भी सुरक्षित होकर काम कर रही हैं और व्यापारी बिना डर के अपना कारोबार चला रहे हैं।
मौसम को लेकर लोगों से की अपील
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान लोगों से भीषण गर्मी, लू और आंधी-तूफान से बचाव की अपील भी की। उन्होंने कहा कि लोग खूब पानी पिएं और खराब मौसम में पेड़ों या खुले स्थानों के नीचे खड़े होने से बचें। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा और सुविधा के लिए भी लगातार काम कर रही है।