उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। पुलिस लाइन मैदान में उनका हेलीकॉप्टर उतरने के बाद मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री चौकाघाट स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें प्रमाणपत्र एवं स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।
पीएम मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, स्ट्रीट वेंडर योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखा।
पीडब्ल्यूडी परियोजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता पर विशेष जोर
वाराणसी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस सभागार में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों और अभियंताओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और सभी परियोजनाओं को समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।
7,175 करोड़ रुपये की 2,630 परियोजनाओं पर चल रहा काम
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि वाराणसी परिक्षेत्र में 7,175 करोड़ रुपये की लागत से कुल 2,630 परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें से 687 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 542 परियोजनाएं 90 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुकी हैं। वहीं वाराणसी जिले में 3,223 करोड़ रुपये की लागत वाली 421 परियोजनाओं पर काम जारी है, जिनमें 85 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 158 परियोजनाएं अंतिम चरण में हैं।
स्वीकृति के साथ शुरू हो टेंडर प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना की स्वीकृति के साथ ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जानी चाहिए ताकि अनावश्यक देरी से बचा जा सके। उन्होंने मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित कर परियोजनाओं की निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
सड़कों की मरम्मत और सर्वेक्षण पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिन सड़कों की मरम्मत की जानी है, उनका पहले विस्तृत सर्वे कराया जाए। उन्होंने नगर निगम को भी शहरी क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना में शामिल करने को कहा।
चंदौली कोर्ट कॉम्प्लेक्स और यूनिटी मॉल परियोजना की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री ने चंदौली में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 18 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने गुणवत्ता के साथ समय पर निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा वाराणसी में बन रहे यूनिटी मॉल परियोजना की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।