लखनऊ - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर में 525 करोड़ रुपये की लागत वाली 464 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में उन्होंने 2017 से पहले की सरकारों, विशेषकर समाजवादी पार्टी (सपा), पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग आज सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए।
"जिनकी क्षमता नहीं, वही सवाल उठा रहे हैं"
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आरोप लगाने वाले पहले यह बताएं कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने जनता के लिए क्या किया। उन्होंने कहा, "जो कुछ नहीं कर सकते, वही आरोप लगाते हैं। जिनकी क्षमता नहीं, वही प्रश्न उठाते हैं। लेकिन उनसे पूछा जाना चाहिए कि जब उन्होंने शासन किया, तब उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए क्या किया?"
सपा सरकार पर धार्मिक आयोजनों में बाधा डालने का आरोप
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाने की कोशिश की जाती थी। उन्होंने कहा कि उस समय दुर्गा पूजा, जन्माष्टमी और होली जैसे त्योहारों के आयोजन में बाधाएं खड़ी की जाती थीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंदिरों के नाम पर आने वाले धन का सही उपयोग नहीं होता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार में हर विधायक अपने क्षेत्र के कई मंदिरों के सौंदर्यीकरण का कार्य करा रहा है और यह काम पहले भी किया जा सकता था।
मंदिरों का सौंदर्यीकरण और विकास पर जोर
योगी ने कहा कि पहले मंदिरों पर अवैध कब्जे करवाए जाते थे, जबकि अब सरकार मंदिरों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग गरीबों को राशन नहीं दे सके और युवाओं को रोजगार से वंचित रखते थे, वे अयोध्या, काशी और मथुरा जैसे धार्मिक स्थलों के विकास की कल्पना भी नहीं कर सकते थे।
कानून व्यवस्था पर भी सरकार का दावा
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की कानून व्यवस्था की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में दंगों पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया है। उन्होंने कहा कि "यदि कोई पर्व-त्योहार में बाधा डालने की कोशिश करता है तो सरकार उससे कानून के अनुसार सख्ती से निपटती है। योगी ने कहा कि, नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में न दंगा हुआ, न कर्फ्यू लगा। अब यूपी में न कर्फ्यू, न दंगा, अब यूपी में सब चंगा है।
कई नेताओं ने भी किया संबोधित
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री एवं कुशीनगर प्रभारी दारा सिंह चौहान, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद कुंवर आरपीएन सिंह, गोरखपुर सांसद एवं अभिनेता रवि किशन तथा कुशीनगर सांसद विजय दुबे सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी सभा को संबोधित किया और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं पर प्रकाश डाला।