अयोध्या- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या और बस्ती के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह दोनों जनपदों को ₹937 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री अयोध्या के सोहावल और बस्ती के हरैया में विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र और सहायता सामग्री भी वितरित की जाएगी।
अयोध्या में 217 विकास परियोजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10:50 बजे अयोध्या जिले के सोहावल पहुंचेंगे। यहां वह सबसे पहले बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित सिंह चौहान के पिता एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री ₹432.70 करोड़ की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में सड़क, बुनियादी ढांचे, सार्वजनिक सुविधाओं और विकास कार्यों को नई गति देना है। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे और सरकार की विकास योजनाओं पर अपनी बात रखेंगे।
बस्ती में ₹504 करोड़ की 77 परियोजनाओं की सौगात
अयोध्या कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:30 बजे बस्ती जिले के हरैया पहुंचेंगे। यहां वह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ₹27 करोड़ की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय, हरैया के निर्माण कार्य का भूमि पूजन करेंगे। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे। इसके बाद विधानसभा क्षेत्र हरैया और कप्तानगंज के लिए ₹504.34 करोड़ की लागत वाली 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
लाभार्थियों को वितरित करेंगे सहायता सामग्री
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र, सहायता राशि और अन्य लाभकारी सामग्री भी वितरित करेंगे। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य पात्र लोगों तक सरकारी सुविधाओं का लाभ सीधे पहुंचाना है।
जनसभा को भी करेंगे संबोधित
दोनों जिलों में विकास परियोजनाओं के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह गोरखपुर के लिए रवाना होंगे, जहां पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।