बांदा- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांदा दौरे के दौरान जिले को ₹710 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बटन दबाकर 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र, स्वीकृति पत्र, चेक, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड, आवास की चाबियां और टूल किट भी वितरित की गईं। कार्यक्रम पं. जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित हुआ।
विकास के साथ विपक्ष पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि नौ साल पहले बुंदेलखंड की स्थिति बेहद दयनीय थी। पिछड़ापन, पलायन, पेयजल संकट, खराब सड़कें, बेरोजगारी और माफियाओं का आतंक यहां की पहचान बन चुका था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने क्षेत्र की तस्वीर बदलने का काम किया है। बेहतर सड़क, पेयजल, रोजगार और कनेक्टिविटी के जरिए विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।
'तुष्टीकरण नहीं, सभी को योजनाओं का लाभ'
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार तुष्टीकरण की राजनीति नहीं करती, बल्कि बिना भेदभाव सभी वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने दावा किया कि अब कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। व्यापारी और बेटियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सपा-कांग्रेस पर जमकर हमला
योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों में मंदिरों के संरक्षण के बजाय संसाधनों का उपयोग अन्य कार्यों में किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने युवाओं को रोजगार देने के बजाय उनके हाथों में तमंचे थमाए, जबकि आज भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार और आधुनिक रक्षा तकनीक से जोड़ रही है। उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है।
'बुंदेलखंड बनेगा निवेश और रोजगार का केंद्र'
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बुंदेलखंड में निवेश की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं और पलायन पर रोक लगी है। 'एक जिला-एक उत्पाद' योजना के तहत बांदा का शजर पत्थर देश-विदेश में पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIDA) के जरिए क्षेत्र में बड़े निवेश आएंगे और आने वाले समय में यहां रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उनका लक्ष्य बुंदेलखंड को विकास और विरासत का आदर्श मॉडल बनाना है।
कार्यक्रम के बाहर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर काली झंडियां दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सीमा खान समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। विरोध के बावजूद कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।