महराजगंज - सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को महराजगंज के नौतनवा में 208 करोड़ की लागत से 79 परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास तथा लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं टूलकिट वितरित किए। इस दौरान उन्होंने जनता को संबोधित कर कहा कि, उत्तर प्रदेश में विकास की प्रक्रिया बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके व बिना झुके चलती रहेगी।
राम मंदिर निर्माण में हमेशा बाधा बनते रहे सपा-बसपा और कांग्रेस
सीएम योगी ने आगे कहा कि, डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम जैसे ऐतिहासिक कार्य संभव हुए। सपा, बसपा और कांग्रेस जैसी पार्टियां इन कार्यों में हमेशा बाधा बनती रहीं। इसी बाधा को पश्चिम बंगाल की जनता ने हमेशा के लिए उखाड़ फेंका है।
2017 के पहले प्रदेश का विकास ठप था
इसके साथ ही उन्होंने अपने संबोधन में आगे कहा कि, 2017 के पहले प्रदेश का विकास ठप था। गरीबों की पीड़ा को अनसुना कर दिया जाता था। माफिया लोगों की संपत्तियों पर कब्जा कर रहे थे। आज यूपी देश के विकास इंजन के रूप में उभर रहा है, जिसे आगे बढ़ने से अब कोई नहीं रोक सकता।
प्रदेश में माफिया का आतंक समाप्त हो चुका है
सीएम ने इस दौरान दावा करते हुए कहा कि, प्रदेश में माफिया का आतंक समाप्त हो चुका है, गो हत्या बंद है, बेटियां सुरक्षित हैं, गरीबों की जमीनों पर कोई कब्जा नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि महराजगंज सहित प्रदेश के सभी जिलों में मंदिरों का कायाकल्प कराया गया है। पहले यह रुपया कब्रिस्तान के बाउंड्रीवाल के निर्माण में खर्च किया जाता था। यह बदलाव सही जगह वोट देने से संभव हुआ है। एक गलत वोट जातिवाद, क्षेत्रवाद और परिवारवाद की राजनीति को जन्म देता है। जब वोट सही जगह पड़ता है, तब विकास, सुरक्षा, रोजगार और सुशासन को गति मिलती है।
भारत सरकार कीमतों को नियंत्रित रखे हुए है
उन्होंने कहा कि, पश्चिम एशिया तनाव के चलते डीजल, पेट्रोल और एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे देश पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है, बावजूद इसके भारत सरकार कीमतों को नियंत्रित रखे हुए है। इसके साथ ही यूपी के मुखिया ने विपक्ष के नकारात्मक नैरेटिव से बचते हुए देश प्रथम की भावना के साथ हर नागरिक को देशहित में सरकार के साथ खड़ा होने का आह्वान किया।
बिजली और ईंधन की बचत करें
सीएम योगी ने पीएम मोदी की अपील का पालन करते हुए बिजली और ईंधन की बचत करने, अनावश्यक उपयोग रोकने तथा छोटे-छोटे प्रयासों से देश को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने अपने इस संबोधन में आगे कहा कि, डबल इंजन की सरकार हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उनके जीवन में बदलाव ला रही है।
वनटांगिया परिवारों को बीजेपी सरकार ने मालिकाना हक दिलाया
यूपी के मुखिया ने कहा कि, पहले की सरकारों ने वनटांगिया परिवारों की कभी सुधि नहीं ली, लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें भूमि का मालिकाना हक दिलाने के साथ ही सभी अधिकार प्रदान किए। हर गरीब को आवास, हर घर को शौचालय, राशन और आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा मिल रही है।