गोरखपुर- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में 758 करोड़ रुपये की 24 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने हमेशा भारतीय आस्था और सांस्कृतिक विरासत का विरोध किया, जबकि भाजपा सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास ही प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी आधारशिला है।
सपा और कांग्रेस पर साधा तीखा निशाना
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस ने केंद्र की सत्ता में रहते हुए सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर भगवान श्रीराम को काल्पनिक साबित करने का प्रयास किया था। वहीं समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि "सपा का इतिहास रामभक्तों के खून से सना हुआ है।" उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल जाति की राजनीति कर समाज को बांटने का काम करते रहे हैं।
758 करोड़ की विकास परियोजनाओं की दी सौगात
मुख्यमंत्री ने भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क सहित करीब 758 करोड़ रुपये की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें लगभग 697 करोड़ रुपये की लागत वाली पांच सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण तथा सड़क और पर्यटन से जुड़ी 19 परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में विकास और रोजगार दोनों को गति मिलेगी।
'विकास का कोई विकल्प नहीं'
सीएम योगी ने कहा कि समाज को जाति और वर्ग के आधार पर बांटने की राजनीति विकास की सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में विकास कार्य ठप थे, इंसेफेलाइटिस, पलायन और पिछड़ापन बड़ी समस्याएं थीं, लेकिन डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया है। आज योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सभी तक पहुंच रहा है।
बेहतर कनेक्टिविटी से बढ़ेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि जितनी मजबूत सड़क कनेक्टिविटी होगी, विकास की रफ्तार उतनी ही तेज होगी। उन्होंने बताया कि भटहट-बांसस्थान फोरलेन के अलावा बालापार-टिकरिया और चिउटहां-कोनी मार्गों को भी फोरलेन बनाया जा रहा है, जिससे व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र और सहायता
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, लैपटॉप, टूलकिट, अनुदान राशि और ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों, किसानों, श्रमिकों, विद्यार्थियों और महिला लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ देकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इसके अलावा विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।
वामंत माता मंदिर में किया दर्शन-पूजन
जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांसस्थान स्थित वामंत माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।