योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बढ़ती भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में रहें और आम जनता को राहत पहुंचाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करें।
अस्पतालों और बिजली-पानी व्यवस्था पर विशेष नजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। अस्पतालों में दवाएं, बेड, डॉक्टर और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें। इसके साथ ही पेयजल और बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है ताकि लोगों को गर्मी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनता से सतर्क रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से लू और भीषण गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चे और बुजुर्ग विशेष सावधानी रखें तथा दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।
सीएम योगी ने सूती या खादी के ढीले कपड़े पहनने, पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी।
आग लगने की घटनाओं को लेकर भी चेतावनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी के मौसम में ऐसी कोई लापरवाही न की जाए जिससे आग लगने की आशंका हो। उन्होंने अधिकारियों को अग्नि सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
श्रमिकों की सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मजदूरों और श्रमिकों को थकावट, निर्जलीकरण और लू से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं। निर्माण स्थलों और खुले में काम करने वाले श्रमिकों के लिए पेयजल और छांव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।