गोरखपुर- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय में नवनिर्मित बालक और बालिका छात्रावास का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने एमडी आयुर्वेद के विद्यार्थियों को छात्रावास के कमरों की चाबियां सौंपी और परिसर का निरीक्षण कर छात्रों से संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को व्यवस्थाएं उच्च स्तर की बनाए रखने के निर्देश दिए।
छात्रावासों का नामकरण, छात्रों को सौंपी कमरों की चाबियां
उद्घाटन समारोह में बालक छात्रावास का नाम ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की स्मृति में रखा गया, जबकि बालिका छात्रावास का नाम ‘राप्ती’ रखा गया। मुख्यमंत्री ने छात्रावासों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को कमरों की चाबियां सौंपी और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रों से आत्मीय बातचीत करते हुए आयुर्वेद शिक्षा के महत्व पर भी चर्चा की।
साफ-सफाई और गुणवत्तापूर्ण भोजन पर दिया विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने छात्रावासों में खिड़कियों पर जाली लगाने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और मेस में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिलना चाहिए, जिससे वे पढ़ाई पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सकें।
निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का किया निरीक्षण
छात्रावास उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में बन रहे ऑडिटोरियम का भी निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेने के बाद उन्होंने गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने और तय समय सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
योगी सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है आयुष विश्वविद्यालय
महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है। विश्वविद्यालय का शिलान्यास 28 अगस्त 2021 को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया था, जबकि 1 जुलाई 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इसका लोकार्पण किया। नए छात्रावासों के शुरू होने से छात्रों को आधुनिक आवासीय सुविधाएं मिलेंगी और प्रदेश में आयुष शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी।