उत्तरप्रदेश में आज प्रदेशव्यापी पौधरोपण अभियान के तहत 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह करीब 8:30 बजे गोरखपुर से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के समीप नीम, पीपल और बरगद के पौधे लगाए। पौधरोपण के बाद मुख्यमंत्री ने आसमान में गुब्बारे छोड़े और अभियान की यादगार के रूप में आईफोन से सेल्फी भी ली।
'एक पेड़ मां के नाम जरूर लगाएं' : CM योगी
पौधरोपण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और देखभाल करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष मानसून करीब एक माह की देरी से पहुंचा, जिससे खेती और मौसम दोनों प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण गर्मी और सर्दी दोनों का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है तथा पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग की चुनौती का सामना कर रही है।
ग्लोबल वार्मिंग पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री ने कहा कि समुद्र तटीय कई शहरों पर जलवायु परिवर्तन का खतरा बढ़ता जा रहा है, जबकि कई बड़े शहर गैस चैंबर में बदलते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और अंधाधुंध पेड़ों की कटाई के कारण बीमारों और बुजुर्गों को घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह देनी पड़ रही है। उन्होंने इसे मानवता के लिए गंभीर चेतावनी बताते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर दिया।
एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य
प्रदेश सरकार ने इस वर्ष एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यदि यह लक्ष्य पूरा होता है तो 24 घंटे के भीतर सबसे अधिक पौधे लगाने का नया रिकॉर्ड बन सकता है। अभियान के तहत सुबह 11 बजे तक करीब 13 करोड़ पौधे लगाए जा चुके थे।