मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से प्रदेशव्यापी पौधरोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ करेंगे। सुबह 7:45 बजे वह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास नीम, पीपल और बरगद के पौधे लगाएंगे। इसके बाद स्मार्ट व्हील्स के समीप ताल रिंग रोड के किनारे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मौलश्री का पौधरोपण करेंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे और प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण महायज्ञ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी मौजूद रहेंगे। इस वर्ष प्रदेश सरकार ने पौधरोपण महाभियान के तहत 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
35 करोड़ पौधरोपण का रखा गया लक्ष्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के समीप पवित्र त्रिवेणी माने जाने वाले नीम, पीपल और बरगद के पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद ताल रिंग रोड के किनारे मौलश्री का पौधा भी रोपेंगे।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में इस वर्ष पूरे प्रदेश में रिकॉर्ड 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य तय किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए वन विभाग के समन्वय में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस लक्ष्य के तहत अकेले गोरखपुर जिले को 55 लाख 28 हजार 600 पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
27 विभाग मिलकर करेंगे अभियान को सफल
प्रदेशव्यापी पौधरोपण अभियान में कुल 27 विभाग मिलकर भाग लेंगे, जिसमें सबसे बड़ी जिम्मेदारी वन विभाग को दी गई है।
गोरखपुर के प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह के अनुसार जिले को मिले लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी पौधशालाओं में गुणवत्तापूर्ण पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। पौधों के बेहतर विकास और संरक्षण के लिए चिन्हित स्थलों पर गड्ढों की खुदाई, उपजाऊ मिट्टी की व्यवस्था, रोपण स्थलों का विकास और सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं।