लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों को जनभागीदारी और जनजागरण का व्यापक अभियान बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसेवा, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण, युवाओं के हित और जनकल्याण से जुड़े सभी कार्यक्रमों का संचालन पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश बुधवार देर शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानून-व्यवस्था, पुलिस भर्ती परीक्षा और केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक में दिए।
मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर चलेगा जनजागरण अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम न होकर जनता को जोड़ने वाले अभियान बनें। सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं, बुनियादी ढांचे, निवेश और रोजगार सृजन जैसे विषयों पर समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, अधिवक्ताओं, युवा उद्यमियों और स्टार्टअप इनोवेटर्स को भी इन कार्यक्रमों से जोड़ा जाए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्रदेश में कम से कम 5 करोड़ पौधों का रोपण किया जाएगा। उन्होंने इसे केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं बल्कि मातृत्व सम्मान और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक बताया। सीएम योगी ने पौधों की उपलब्धता, जियो टैगिंग और उनके संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए भी व्यापक अभियान चलाने को कहा।
स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य मेले और विकास प्रदर्शनी पर जोर
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 14 से 16 जून तक विकासखंड स्तर पर जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाए। इन शिविरों के माध्यम से पात्र लेकिन योजनाओं से वंचित लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक जिले की विशेष उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनियां आयोजित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को स्वयं स्वच्छता अभियान में भाग लेकर लोगों को प्रेरित करने का भी निर्देश दिया।
गांवों में रात्रि चौपाल और जनसंवाद कार्यक्रम होंगे
सीएम योगी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपालों का आयोजन किया जाए, जहां जनसमस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि नामित मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी गांवों में रात्रि प्रवास करें ताकि स्थानीय आवश्यकताओं और चुनौतियों को बेहतर तरीके से समझा जा सके। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूत बनाने में जनता की भागीदारी सबसे अहम है।
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सख्त निर्देश
बैठक में आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री को बताया गया कि 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा में करीब 29 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, गोपनीयता और शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुविधाएं, निर्बाध बिजली आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आगाह किया कि परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाहें और भ्रामक सूचनाएं फैलाने की कोशिश हो सकती है। ऐसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा देने वाले युवाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें सुरक्षित तथा सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए विशेष बसों के संचालन और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।