योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में तेज आंधी, भारी बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं से हुई जनहानि और नुकसान का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तुरंत राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
24 घंटे के भीतर राहत राशि देने के आदेश
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि जनहानि, पशुहानि, फसल और संपत्ति को हुए नुकसान का तेजी से आकलन कर 24 घंटे के भीतर राहत राशि वितरित की जाए।
अफसरों को फील्ड में उतरने के निर्देश
सीएम योगी ने वरिष्ठ अधिकारियों को खुद मैदान में उतरकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी जिले में राहत कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रभावित लोगों तक हर हाल में मदद पहुंचनी चाहिए।
हर तीन घंटे में मांगी रिपोर्ट
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों से हर तीन घंटे में स्थिति की अपडेट रिपोर्ट सरकार को भेजने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि प्रभावित परिवारों से लगातार संवाद बनाए रखा जाए और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
मौसम को लेकर लोगों से अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है। प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार देर रात तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं से भारी नुकसान हुआ है। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की भी खबरें सामने आई हैं, जिसके बाद प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।