लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान एक छात्रा की शिक्षा से जुड़ी समस्या सुनकर मुख्यमंत्री ने बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसी भी गरीब, जरूरतमंद या प्रतिभाशाली छात्र की पढ़ाई आर्थिक तंगी के कारण बाधित नहीं होने देगी।
B.Tech की पढ़ाई के लिए छात्रा ने मांगी मदद
जनता दर्शन में लखनऊ की एक छात्रा अपनी वृद्ध मां के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची। छात्रा ने बताया कि उसने इंटरमीडिएट की परीक्षा अच्छे अंकों से पास की है और अब वह बीटेक करना चाहती है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण आगे की पढ़ाई में परेशानी आ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रा की मार्कशीट देखी और उसकी उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि छात्रा का किसी अच्छे शिक्षण संस्थान में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए, ताकि उसकी पढ़ाई बिना किसी रुकावट के जारी रह सके।
'गरीबी शिक्षा की राह में बाधा नहीं बनेगी'
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल करती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी निर्धन या जरूरतमंद छात्र की पढ़ाई केवल आर्थिक कारणों से नहीं रुकनी चाहिए। सरकार ऐसे विद्यार्थियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद छात्रा और उसकी मां ने खुशी जताई और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
अवैध कब्जे और पुलिस की लापरवाही पर भी सख्त
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी पहुंचे जिन्होंने पुलिस की लापरवाही, भूमि विवाद और अवैध कब्जों से जुड़ी शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर मामले की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाया जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों को दिया जवाबदेही का संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़े मामलों पर लगातार निगरानी रखें और लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान न होने दें।
पहले जिला और मंडल स्तर पर करें शिकायत
जनता दर्शन के दौरान कुछ लोग ऐसे भी मिले जो सीधे मुख्यमंत्री के पास अपनी शिकायत लेकर पहुंच गए थे। इस पर मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने पहले जिला या मंडल स्तर के अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखी थी। मुख्यमंत्री ने लोगों को सलाह दी कि वे सबसे पहले जनपद और मंडल स्तर के अधिकारियों से संपर्क करें, क्योंकि कई समस्याओं का समाधान वहीं पर हो सकता है। उन्होंने लोगों से गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की।