गोरखपुर। जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार शाम रामगढ़ताल में लेक क्वीन क्रूज की सवारी की। करीब 25 मिनट तक क्रूज पर विहार करते हुए मुख्यमंत्री ने ताल की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान ताल किनारे उमड़ी लोगों की भीड़ ने मुख्यमंत्री का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ ताल की लहरों के बीच गोरखपुर की नई पहचान बने रामगढ़ताल का आनंद भी लिया।
जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के बाद पहुंचे क्रूज पर
जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे रामगढ़ताल पहुंचे। यहां उन्होंने लेक क्वीन क्रूज पर सवार होकर ताल का भ्रमण किया। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
ताल की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
क्रूज की सवारी के दौरान मुख्यमंत्री ने रामगढ़ताल की साफ-सफाई और रखरखाव व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने ताल के किनारे विकसित पर्यटन सुविधाओं और व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ फोटो भी खिंचवाई।
रामगढ़ताल बना गोरखपुर की नई पहचान
रामगढ़ताल के कायाकल्प का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन को दिया जाता है। उनके नेतृत्व में ताल का व्यापक सौंदर्यीकरण किया गया, जिससे यह अब गोरखपुर की नई पहचान और प्रमुख पर्यटन स्थल बन चुका है। यहां पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा हुए हैं।
क्रूज, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और वाटर स्पोर्ट्स से बढ़ी पहचान
रामगढ़ताल में बड़े शहरों की तर्ज पर क्रूज और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही यहां राष्ट्रीय स्तर की वाटर स्पोर्ट्स और रोइंग प्रतियोगिताओं के आयोजन ने इसे राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। अब रामगढ़ताल पूर्वांचल के प्रमुख पर्यटन और खेल केंद्रों में शामिल हो चुका है।