लखनऊ - समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के विवादित बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इस मामले में राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि, देश की जनता समय आने पर अमर्यादित आचरण का उत्तर जरूर देगी। साथ ही सीएम योगी ने सपा सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी को असंसदीय, अशोभनीय और अक्षम्य बताया है।
सपा सांसद के विवादित बयान पर सीएम योगी का पलटवार
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय जननेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति एक सांसद द्वारा की गई असंसदीय टिप्पणी न केवल अशोभनीय और अक्षम्य है, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी गंभीर आघात है। यह कृत्य राजनीतिक कुसंस्कार, वैचारिक दिवालियापन और सार्वजनिक जीवन की शालीनता के प्रति अनादर को प्रकट करता है।
सपा सांसद का विवादित बयान...
हमीरपुर से सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें 'देशविरोधी' करार दिया है। सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने मीडिया के समक्ष आकर प्रधानमंत्री को अपशब्द बोले। कहा कि भाजपाई मुकदमा लिखाएंगे तो लिखाने दो, मैं डरने वाला नहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री को देशविरोधी तक कह दिया। कहा कि मोदी जी जो कुछ बोलते हैं, वह बहुत अच्छा बोलते हैं। अजेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि, कहते हैं पेट्रोल की खपत कम करें, सोना न खरीदें और विदेश की यात्रा में करोड़ों खर्च कर दें। कितना न्याय है, कितना लोकप्रिय प्रधानमंत्री है। इसके बाद उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उन्हें देशविरोधी तक कह डाला। ऐसा प्रधानमंत्री न अभी तक हुआ है और न आने वाली सरकारों में ऐसा मिलेगा। हम लोग पीडीए के हैं और वर्तमान सरकार के विरोधी हैं।