मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान सर्किट हाउस में विकास परियोजनाओं और कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने आगामी श्रावण मास की तैयारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए और काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
काशीवासियों के लिए बनेगा अलग दर्शन मार्ग
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि श्रावण मास के दौरान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में आने वाले स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए अलग दर्शन मार्ग की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें भीड़ के कारण किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष फोकस
सीएम योगी ने प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, परिवहन और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, खोया-पाया केंद्र, निःशुल्क लॉकर, आपदा प्रबंधन और प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश भी दिए।
जल जीवन मिशन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के लिए धन की कोई कमी नहीं है, इसलिए कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश
बैठक में मुख्यमंत्री ने वाराणसी में निर्माणाधीन रोप-वे, एकीकृत मंडलीय कार्यालय, यूनिटी मॉल, आनंद काशी, रुद्र काशी और काशी स्पोर्ट्स सिटी जैसी प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना में लंबित भवनों का मुआवजा देकर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।
कानून-व्यवस्था और गंगा सुरक्षा पर भी दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की सतर्कता बढ़ाने, नियमित फुट पेट्रोलिंग और पुलिसकर्मियों की समय-समय पर ड्यूटी बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल पुलिस को अलर्ट रहने, नाव संचालन के दौरान लाइफ जैकेट का अनिवार्य उपयोग कराने और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही होटल, रेस्तरां और बस स्टैंडों पर श्रद्धालुओं से अधिक शुल्क वसूले जाने पर सख्त निगरानी रखने को कहा।
2014 के बाद वाराणसी में हजारों करोड़ की परियोजनाएं
बैठक में जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि वर्ष 2014 से अब तक वाराणसी में 36,210 करोड़ रुपये की लागत से 536 परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं, जबकि 25,007 करोड़ रुपये की 191 परियोजनाओं पर कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।