लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए इसे जनता के टैक्स के पैसे की बर्बादी बताया है।
कांग्रेस का आरोप- नेताओं को फायदा पहुंचाने की कोशिश
कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा कि योगी सरकार अपने कार्यकाल के अंतिम चरण में अपने नेताओं को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के लिए मंत्रिमंडल विस्तार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह जनता के हित में नहीं बल्कि भाजपा नेताओं को एडजस्ट करने की कवायद है।
“पहले ही बड़ा मंत्रिमंडल, फिर भी विस्तार”
अंशू अवस्थी ने कहा कि मौजूदा समय में सरकार का मंत्रिमंडल पहले से ही बड़ा है, इसके बावजूद विस्तार किया जा रहा है। उनके मुताबिक इसका उद्देश्य जनता की भलाई नहीं बल्कि पार्टी के अंदर संतुलन साधना है।
“टैक्स का पैसा नेताओं पर लुटाया जा रहा”
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह पूरा विस्तार जनता की गाढ़ी कमाई के पैसों का दुरुपयोग है। उन्होंने मांग की कि सरकार श्वेतपत्र जारी कर बताए कि पिछले वर्षों में मंत्रियों पर कितना खर्च हुआ और उन्होंने क्या काम किया।
सरकार की नीतियों पर भी सवाल
अंशू अवस्थी ने कानून-व्यवस्था, बुलडोजर कार्रवाई और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने दलितों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों के साथ न्याय नहीं किया।
“जनता बदलाव चाहती है”
कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार से नाराज है और बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी।